साहेबगंज में नुक्कड़ नाटक से वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक हुए ग्रामीण

Hot Posts

6/recent/ticker-posts

साहेबगंज में नुक्कड़ नाटक से वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक हुए ग्रामीण

रिपोर्ट : फूलदेव पटेल

मुजफ्फरपुर, 3 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार अपनाने, बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ओर से साहेबगंज प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मकड़ी टोला (जगदीशपुर), दुर्गा चौक, दरिया छपड़ा (विशुनपुरपट्टी), रजवाड़ा एवं हलिमपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग की जानकारी दी गई।

साहेबगंज में नुक्कड़ नाटक से वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक हुए ग्रामीण

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग, बीमा एवं पेंशन योजनाओं, KYC अनुपालन तथा डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत को आर्थिक सुरक्षा का आधार बनाने तथा अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित बैंकिंग माध्यमों में रखने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता अभियान के दौरान श्री राजश्री इंटरप्राइजेज, फुलवारीशरीफ, पटना के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वित्तीय साक्षरता का संदेश दिया। टीम लीडर संजय कुमार यादव के नेतृत्व में सुनील कुमार, महावीर साह एवं कृष्णा भगत ने गीत, संवाद और अभिनय के माध्यम से साइबर ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव और सतर्क ग्राहक बनने का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने ग्रामीणों को समझाया कि OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

गांव के नजदीक मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि पैक्स कार्यालयों के माध्यम से माइक्रो एटीएम सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं गांव के नजदीक उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को नकद निकासी, खाते में उपलब्ध राशि की जानकारी और मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। इससे दूर स्थित बैंक शाखाओं पर निर्भरता भी कम होगी।

बीमा और पेंशन योजनाओं से जुड़ने की अपील

दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के साहेबगंज शाखा प्रबंधक संजीव कुमार ने ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रत्येक परिवार को अपनी जरूरत के अनुसार उपयुक्त बीमा योजना से जुड़ना चाहिए।

उन्होंने अटल पेंशन योजना के तहत पात्र लोगों को नियमित अंशदान के माध्यम से 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन की सुविधा के बारे में बताया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभ, पात्रता एवं प्रीमियम की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

KYC और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर

कार्यक्रम में KYC (Know Your Customer) के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया। ग्रामीणों से अपने बैंक खातों में दर्ज व्यक्तिगत जानकारी को अद्यतन रखने और बैंक के निर्देशानुसार KYC पूरा कराने की अपील की गई। साथ ही उन्हें आगाह किया गया कि KYC अपडेट कराने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते की जानकारी, OTP, PIN अथवा पासवर्ड नहीं दें।

डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग को देखते हुए साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को फर्जी SMS, WhatsApp संदेश और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा UPI एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। बताया गया कि बैंकिंग संबंधी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल बैंक से संपर्क करना चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि वित्तीय साक्षरता केवल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी हासिल करना नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं को बचत, बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया।

अभियान के दौरान जन-जागरूकता का संदेश दिया गया—“हम सबका यह अभियान है, वित्तीय साक्षरता का पैगाम है।” साथ ही ग्रामीणों को प्रेरित किया गया—“बचत खाता खोले एक, बैंक की सेवाएं पाएं अनेक” और “मेहनत की कमाई को न गवाएं, बैंक में ही राशि जमा कराएं।”


Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Ad Code