ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

हुस्सेपुर दोबंधा विद्यालय में प्रधानाध्यापक का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह

Reoort 

Phuldev Patel

मुजफ्फरपुर। प्रखण्ड साहेबगंज अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय हुस्सेपुर दोबंधा में शिक्षक सम्मान सह विदाई समारोह का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। समारोह विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री उमा शंकर सिंह के सम्मान एवं विदाई के अवसर पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह विधायक श्री राजू कुमार सिंह, साहेबगंज की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरा विद्यालय परिसर सम्मान, कृतज्ञता और भावनात्मक वातावरण से ओत-प्रोत रहा।

हुस्सेपुर दोबंधा विद्यालय में प्रधानाध्यापक का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह

कार्यक्रम में प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, साहेबगंज श्री अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ वरिष्ठ शिक्षक एवं गणमान्य अतिथियों में अनिल कुमार, रामेश्वर सिंह, प्रधुम्न सिंह, चन्देश्वर सिंह, दिनेश राही, सिगार अजहर आजाद, प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री अरुण कुमार सिंह, अभय कुमार निराला, मनोज कुमार, डॉ. पवन कुमार, शाहपुर पट्टी विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अवधेश कुमार दास, महुआनी विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री जितेंद्र कुमार, शाहपुर पट्टी मुशहर टोला के प्रधानाध्यापक श्री पुष्कर कुमार, पूर्व मुखिया एवं सरपंच श्री राम निवास सहनी, विद्यालय अध्यक्ष श्री जितेंद्र कुअंर दोबंधा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा) मुजफ्फरपुर के पी.एल.भी. श्री फूलदेव पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष श्री जितेंद्र कुअंर ने की, जबकि मंच संचालन श्री फूलदेव पटेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने पूर्व प्रधानाध्यापक श्री उमा शंकर सिंह को अंगवस्त्र, गुलदस्ता, माला, धार्मिक पुस्तक, मेडल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में श्री सिंह के दीर्घ शैक्षणिक अनुभव, अनुशासनप्रिय कार्यशैली एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं सुरभि स्वराज, प्रिया कुमारी, सरिता कुमारी, अर्चना कुमारी, मनिका कुमारी तथा अजहर आजाद द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने सभी को भावुक कर दिया। गीत प्रस्तुति के समय शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं अपनी भावनाओं पर संयम नहीं रख सके और वातावरण अत्यंत संवेदनशील हो गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व प्रधानाध्यापक श्री उमा शंकर सिंह ने विद्यालय परिवार, सहकर्मी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हुस्सेपुर दोबंधा विद्यालय से उनका आत्मीय जुड़ाव रहा है और यहां बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा प्रतिभाशाली छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह कार्यक्रम न केवल एक शिक्षक के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा, भावनात्मक जुड़ाव और शिक्षा के प्रति समाज की संवेदनशीलता को भी प्रभावी रूप से दर्शाता रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ