Report
Phuldev Patel
(PLV)
जो बेटियां पढ़ेंगी, वही बेटियां शिखर पर चढ़ेंगी।
मुजफ्फरपुर। पारू प्रखंड अंतर्गत धरफरी पंचायत स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धरफरी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, समानता, बालिका सुरक्षा, लिंग परीक्षण, भ्रूण हत्या और भेदभाव जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएलवी फूलदेव पटेल ने कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार बेटों की शिक्षा के लिए निजी विद्यालयों को प्राथमिकता देते हैं, जबकि बेटियों को सरकारी विद्यालय में पढ़ाते हैं। इस सोच में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ केवल नारा नहीं, बल्कि समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बेटियां परिवार और समाज की शक्ति हैं, उन्हें बोझ समझने के बजाय समान अवसर देना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सावित्रीबाई फुले के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा के लिए सामाजिक विरोध के बावजूद महत्वपूर्ण कार्य किया और लड़कियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
वहीं देवरिया थाना के एसआई कुंवर सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “जो बेटियां पढ़ेंगी, वही बेटियां शिखर पर चढ़ेंगी।” उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में डरने की जरूरत नहीं है। वे सीधे थाना पहुंचकर अपनी समस्या बेझिझक बता सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।
शिक्षिका रीना कुमारी ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। वहीं शन्नी गुप्ता ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा के साथ-साथ शिक्षण, आईटी, पुलिस, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासन और न्यायिक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को अवसर मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बालिका शिक्षा, समान अधिकार और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर कुल 67 छात्र-छात्राओं, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रमोद कुमार, मनोज कुमार, चांद आलम, अमरेंद्र कुमार, शशि सिंह, समलेश कुमार, शिक्षिका रीना कुमारी एवं रितंभरा कुमारी सहित छात्राओं में खुशबू कुमारी, संगीता कुमारी, साक्षी कुमारी, सोनी कुमारी, नेहा कुमारी, साक्षी गुप्ता, सृष्टि कुमारी सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।
अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार यादव ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए छात्राओं को नियमित विद्यालय आने और निर्धारित समय पर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति और अनुशासित अध्ययन से ही विद्यार्थी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को मजबूत बना सकते हैं।
Also Read :

0 टिप्पणियाँ