ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

पटना में अब सप्ताह में प्रतिदिन 24 घंटे होगा कोविड टीकाकरण

  

होटल पाटलिपुत्र अशोक और पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में मिलेगी सुविधा 

जिलाधिकारी ने पत्र जारी कर अधिकारियों को दिए निर्देश 

केयर इंडिया की टीम करेगी सहयोग 

A.Rahman

पटना/ 7 जून- राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग कोविड टीकाकरण के प्रसार को बढ़ाने और 18 वर्ष से ऊपर के सभी नागरिकों को टीकाकृत करने के लिए संकल्पित है. इसके लिए टीकाकरण सत्रों की संख्या में विस्तार, नए नए स्थलों का चयन और लाभार्थियों को उनके घर के समीप टीका लगाने जैसे कई कदम उठाये गए हैं.  पटना में मंगलवार से शहर के दो स्थलों होटल पाटलिपुत्र अशोक और पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में अब 24 घंटे सप्ताह में सातों दिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी. इसको लेकर जिलाधिकारी पटना, डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने जिला सिविल सर्जन एवं अन्य अधिकारीयों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशानिर्देश जारी किये हैं.

होटल पाटलिपुत्र अशोक और पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में मिलेगी सुविधा:

जारी पत्र में बताया गया है पटना में लोगों को टीकाकृत करने के मुहीम में शहर में दो स्थलों बीरचंद पटेल पथ स्थित होटल पाटलिपुत्र अशोक और कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में अब 24 घंटे टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी. यह सुविधा सप्ताह के सातों दिन पटना के निवासियों के लिए उपलब्ध होगी. सिविल सर्जन डॉ. विभा सिंह ने बताया ज्यादातर लोग सुबह से शाम तक अपनी नौकरियों और व्यवसाय में लगे रहते हैं .इसलिए उनके लिए टीकाकरण करवाने के लिए समय की प्रतिबद्धता बाधक साबित होती है. अब ऐसे नौकरीपेशा लोगों और किसी भी व्यवसाय से जुड़े लोगों को पटना में टीका लगवाने में सहूलियत होगी.

सप्ताह में प्रतिदिन 24 घंटे होगा कोविड टीकाकरण:

सिविल सर्जन ने बताया दोनों चयनित स्थलों पर शहर के निवासी अपनी सुविधानुसार किसी भी समय आकर टीका ले सकते हैं. 18 वर्ष और उसके ऊपर के लोगों के लिए यह सेवा 24/7 चालू रहेगी. लाभार्थियों के लिए कोवीशील्ड औए कोवेक्सिन दोनों इंजेक्शन लेने की सुविधा  यहाँ उपलब्ध होगी. वैसे लोग जो टीके का पहला डोज ले चुके हैं  वह यहाँ आकर दूसरा डोज ले सकते हैं.   

केयर इंडिया की टीम करेगी सहयोग:

जारी पत्र में निर्देशित है की केयर इंडिया के प्रतिनिधी उक्त केन्द्रों पर तीन पालियों में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति के साथ साथ तीन पालियों में पर्याप्त संख्या में नर्स/ डाटा ऑपरेटर/ वेरीफायर एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि टीकाकरण स्थलों पर प्रतिनियुक्त कर्मी ससमय उपस्थित होकर कार्य करें. केयर की टीम एडवर्स इवेन्ट फॉलोइंग इम्यूनाइजेशन (एईएफआई) किट की पर्याप्त संख्या की उपलबध्ता के साथ साथ वैक्सीन के उठाव एवं चयनित स्थलों पर पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था करेगी. जारी पत्र के अनुसार जिला संसाधन इकाई, टीम लीडर केयर इंडिया टीकाकरण केन्द्रों पर टीकाकरण कराने आये लाभार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त मात्रा में कुर्सियों एवं रौशनी की व्यवस्था करेगी. साथ ही टीकाकरण केंद्र की साफ़ सफाई एवं सैनीटाईजेशन के साथ बायो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल हेतु पर्याप्त व्यवस्था केयर द्वारा की जाएगी. साथ ही केयर इंडिया स्थलों पर लाभार्थियों के लिए पीने का पानी, सत्र स्थल पर सैनीटाईजर और साबुन की व्यवस्था करेगी.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ