विकास परशराम मेश्राम
शेरानगला गांव की वागधारा गठित सक्षम समूह की महिला कांति देवी कहती हैं कि – “पुरुष क्या जानते हैं… हम महिलाएं ही हैं, जो बीजों का संरक्षण करती हैं, यह हमारी जिम्मेदारी है। यह हमारे पूर्वजों के समय से हमारी संस्कृति में रहा है। हम ही हैं, जिन्हें पता है कि कौन-सा बीज कहां और कितनी मात्रा में लगाना है ? भविष्य में उपयोग के लिए कितना बचाना है, खाने के लिए कितना रखना है। पुरुषों को इस सब के बारे में ज्यादा चिंता नहीं हैं।”
बहुसंख्यक आदिवासी परिवारों वाला यह गाँव, राजस्थान के बासवाडा जिले में स्थित ऐसे कई गाँवों में से एक है। फसल विविधता और सहनशीलता के बीच गहरे संबंध को समझते हुए, वागधारा संस्था की महिला सक्षम समूह की किसानों ने यह सुनिश्चित किया है कि जलवायु-सहनशील पारम्परिक बीजों के संरक्षण की प्रथा जारी रहे इसके लिए यह समूह प्रयासरत है।
बीज स्वराज अपनाती वागधरा गठित सक्षम समूह की महिलाएं
सामाजिक आर्थिक और जाति जनगणना (SECC)-2011 के अनुसार, जिले के 76.38 % से ज्यादा परिवार अनुसूचित जनजाति से सम्बंधित हैं, । वे मुख्य रूप से जनजातीय आदिवासी समूहों से संबंधित हैं। इस क्षेत्र जनजातियों के साथ रहने वाली ये जनजातियाँ, मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर हैं। मकान इमारती बांधकाम के लिए गुजरात जाते है और दिहाड़ी मजदूर उनकी आजीविका के अन्य स्रोत हैं।
SECC-2011 के अनुसार, बासवाडा जिले की लगभग 60 % भूमि असिंचित है; लोग धान, मक्का, अरहर व अन्य दालें, मूंग और गेहूं के साथ साथ अन्य फसलों की भी वर्षा आधारित खेती करते हैं। फलवा गांव की कुकुदेवी मसार मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी खेती ऊपर वाले की दया पर है।
पारम्परिक पद्धति से बीज सग्रहण करती महिला
कुकुंदेवी कहती हैं – “धान और मक्का के अलावा, हम अपने आंगन में पत्तेदार सब्जियों और भिंडी, चपटी फलियाँ, टमाटर, बैंगन, मिर्च, कद्दू और हल्दी जैसी अन्य सब्जियों की खेती करते हैं जो वागधारा हमे बीज देती हैं । हमारे पास सीताफल, पपिता और आम के पेड़ भी हैं, जो हमारी घरेलू जरूरतों को पूरा करते हैं।”
विविधता और लचीलेपन के गहरे संबंध के साथ कृषि के इस जटिल माहौल में, महिलाएं स्वदेशी बीजों की इस विशाल विविधता के संरक्षक के रूप में, सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महिलाएँ एवं बीज संरक्षण
कृषि व्यवस्था में महिलाओं को मिली सामाजिक भूमिका से भी यह ज्ञान कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। वागधारा गठित महिला सक्षम समूह की सदस्य लाली अमृतलाल डामोर कहती हैं – “फसल काटते समय हम देखते हैं कि खेत के किस हिस्से में फसल बेहतर हुई है। हम बीजों का उनके वजन और गुणवत्ता के आधार पर आंकलन करते हैं और थ्रेसिंग करते समय इसे अलग रखते हैं।” यह हमारे बाप दादा का बीज संग्रहण करने का तरीका है जो हम करते आ रहे हैं।
वागधारा की सक्षम समूह की महिलाएँ फसल विविधता को बनाए रखने हेतु महिला किसान चुने हुए बीज एक बोरी में भरती हैं, इसे सील करती हैं और इसे अगले सीजन तक के लिए अन्न भंडार में रख देती हैं, जिसे वहां ‘कोठी’ कहा जाता है। सक्षम महिला समूह की सदस्य कांता डामोर कहती हैं – “इसी तरह सब्जी के बीज के लिए, फल पक जाने के बाद, हम इसे सूखने देते हैं, बीज अलग करते हैं और फिर उन्हें संग्रहण कर लेते हैं। जब बुवाई का समय नजदीक आता है, तो हम उन्हें उपयोग के लिए निकाल लेते हैं।”
उनकी बात पर सहमति जताते हुए, नानाभुखीया गांव की वागधारा गठित सक्षम महिला समूह की महिला शिल्पा रमनलाल डामोर कहती हैं – “हम जानते हैं कि आँगन के किस हिस्से में कितना बीज बोना है। आखिरकार, हम अपने परिवार के लिए कितनी जरूरत है, इसलिए हम उसी के अनुसार बीज बोते हैं।”
नानाभुखीया गांव की सक्षम महिला समूह की अन्य महिला किसान, सुशीला भिखा डामोर ने समझाया कि कैसे यह पद्धति सहनशीलता प्रणालियों को बनाए रखने के ज्ञान के साथ मजबूती से प्रतिध्वनित होती है। उनका कहना था – “हमें विभिन्न प्रकार के बीजों की जरूरत होती है। प्रत्येक जमीन एक अलग तरह की फसल के लिए उपयुक्त होती है। कुछ जल-जमाव वाली मिट्टी में अच्छी उगती हैं, कुछ कम पानी वाली ढलानदार भूमि पर। हम उसी के अनुसार फैसला करते हैं।”
सुशीला डामोर कहती हैं – “पाथरीया ,जीरा , काली कमोद और मोटा धान जैसी धान के बीजों की पारंपरिक किस्मों में बारिश के पैटर्न में बदलाव को झेलने और मानसून के मौसम के बीच सूखे के दौरान बचे रहने की ज्यादा क्षमता होती है।” वर्तमान हालात में, जबकि ग्रामीण समुदाय जलवायु परिवर्तन एवम अनिश्चित वर्षा के विषम प्रभाव का सामना कर रहे हैं, बचे रहने के लिए उतार-चढ़ाव वाली सूक्ष्म-जलवायु की स्थितियों के प्रति सहनशीलता महत्वपूर्ण है।
पारंपरिक बीज संरक्षण से कम हुई बाजार निर्भरता बीज संरक्षण का तत्काल प्रभाव यह है कि बीज के साथ-साथ भोजन की खरीद के लिए बाजार पर निर्भरता कम हुई है। बड़े संतोष के साथ काली देवी हरदार कहती हैं कि विगत 40 साल से मैने खेती के बीज नहीं खरीदा है ।”और अपने पैसे बचाये है !इसी तरह, घर के आसपास उगाई जाने वाली सब्जियां, महिलाओं को सब्जियां खरीदने के लिए बाजार पर निर्भरता कम करने में मदद करती हैं। काली देवी हरदार कहती हैं – “चाहे हम कुछ महीनों के लिए अपने घर की जरूरतें पूरा कर पाते हों, फिर भी यह हमारे लिए काफी है। यह हमें पैसे बचाने में मदद करता है, जो हमें बाजार से सब्जियां खरीदने के लिए खर्च करने पड़ते थे ।”
वण्डा गांव के वागधारा संस्था गठित सक्षम महिला समूह की सदस्या राधा प्रकाश कटारा ने जोर देकर कहा – “बाजार में हमें जो सब्जियां मिलती हैं, वे रसायनों से भरी होती हैं। अपने घर के पास की जमीन में हम जो सब्जियां उगाते हैं, जो वागधारा हमे जैविक पोषण वाटिका हेतु प्रशिक्षित करते है और उनमें केवल गोबर की खाद डालते हैं। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। हम स्वाद में भी आसानी से अंतर कर पाते हैं।” बाँसवाडा जैसे जिले में, जहां जिला रोजगार और आय रिपोर्ट के अनुसार, 91% से ज्यादा परिवारों की मासिक आय 5,000 रुपये से कम है, उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए नकद आय पर निर्भरता बेहद महत्वपूर्ण है।
बीजों का आदान-प्रदान
पूरे गांव की महिलाएं इस प्रथा का पालन करती हैं। बबली कटारा कहती हैं – “यह प्रथा तब से चली रही है, जब तक का मुझे याद है।” इससे एक परिवार द्वारा उगाई जाने वाली फसलों की विविधता को बनाए रखने के साथ-साथ, समुदाय की बीज के लिए बाजार पर निर्भरता को कम करने में भी बड़ी मदद मिलती है। विभिन्न प्रकार के बीजों की जरूरत के बारे में महिलाओं का नजरिया, एक लचीली प्रणाली के साथ प्रतिध्वनित होता है . केवल बीजों का आदान-प्रदान ही नहीं होता है, बल्कि उपज का भी होता है। बबली कटारा का कहना था – “यदि किसी के खेत में सब्जियों का उत्पादन ज्यादा हो जाता है, तो गांव का कोई भी व्यक्ति उनसे सब्जियां मुफ्त ले सकता है।”
बीजों के इस आदान-प्रदान को आसान बनाने में, ग्रामीण संस्थाएँ भी भूमिका निभाती हैं। बाजार की ताकतों के गांवों में प्रवेश कर जाने के कारण, कृषि पद्धतियों में उन्नत किस्म और संकर बीजों का धीमा लेकिन लगातार प्रवेश हुआ है। फिर भी ऐसे मामलों में, महिलाओं के नेतृत्व में ग्रामीण संस्थाओं ने पारम्परिक किस्मों के बीजों के आदान-प्रदान और इस्तेमाल को पुनर्जीवित करने के लिए मंच तैयार किए हैं। आनदपूरी ब्लैक के पाट गाव की एक वाग्धारा गठित महिला सक्षम समूह किसान किसान, बबली कटारा ने कहा – “पाथरिया , काली कमोद और जीरा जैसी धान की विभिन्न पारम्परिक किस्मों के बीज बाजु के रुपखेडा गांव से लाकर अपने गांव के किसानों में वितरित किए है ।”
इस तरह का आदान-प्रदान इस शर्त पर होता है कि प्राप्तकर्ता फसल के बाद, गांव के ज्यादा किसानों को बीज देगा। बबली कटारा कहती हैं – “गांव की महिलाएं भी बैठकों में एक दूसरे के साथ सब्जी के बीज का आदान-प्रदान कर रही हैं। पहले मैं केवल एक या दो महिलाओं के साथ बीजों का लेन देन कर पाती थी; अब अपनी बैठकों में, मैं और ज्यादा महिलाओं के साथ बीजों का आदान-प्रदान कर सकती हूँ।”
कई गांवों ने इस प्रथा को और अधिक प्रोत्साहन देने के लिए, बीज आदान-प्रदान उत्सव मनाना भी शुरू कर दिया है। इस क्षेत्र में रहने वाली महिलाएं, बीज संरक्षण और आदान-प्रदान की इन व्यवस्थाओं के संरक्षण और बचाव के लिए दृढ़ संकल्प हैं।
0 टिप्पणियाँ