- राज्य के 7 जिलों में 27 प्रखंडों के 669 गांवों में चल रही मुहिम
- गांवों में चौपाल लगाकर बच्चियों की पढ़ाई के दौरान आने वाली चुनौतियों को चिन्हित किया जा रहा
पटना/मुजफ्फरपुर. बिहार की बेटियों की पढ़ाई बीच में न छूटे एवं उनकी शादी कच्ची उम्र में न कर दी जाए, इसके लिए सात जिलों के सैकड़ों गांवों में 'शिक्षा चौपाल-2' का आयोजन किया जा रहा है. ये जिले हैं- सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, रोहतास, भभुआ एवं गया. 20 से 28 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान को सफल बनाने में सैकड़ों महिला कार्यकर्ता जुटी हैं.
जानकारी हो कि बेंगलुरु की संस्था 'मंत्रा4चेंज' ज्योति महिला समाख्या, सृष्टि महिला समाख्या, प्रगति एक प्रयास, समृद्धि संस्था, दीपमाला संस्था, हमारी दृष्टि, स्वधा महिला समाख्या समेत कई महिला संगठनों के साथ मिलकर इस मुहिम को आगे बढ़ा रही है. यह अभियान राज्य के 7 जिलों में 27 प्रखंडों के 669 गांवों में चल रहा है. इस मुहिम को गति देने बेंगलुरु से पटना पहुंचीं मंत्रा4चेंज की खुशबू अवस्थी ने मुजफ्फरपुर के बंदरा प्रखंड एवं शिवहर जिले के सोनबरसा व शिवहर प्रखंड के गांवों का दौरा कर चौपाल में शामिल महिलाओं एवं किशोरियों से पढ़ाई के दौरान आनेवाली समस्यायों पर बातचीत की.
मंत्रा की उर्मिला कुमारी ने बताया कि अक्टूबर महीने में नवरात्र के दौरान पांच दिनों तक सरकारी स्कूलों में एवं समुदाय के बीच लगातार 7 जिलों में 'शिक्षा चौपाल - शिक्षाग्रह' कार्यक्रम चलाया गया था। संतोष सारंग ने बताया कि शिक्षा चौपाल का उद्देश्य है बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना एवं बाल विवाह रोकना.
बता दें कि सैकड़ों गावों की महिलाएं, किशोरियां, नौजवान एवं बुजुर्ग 'शिक्षा चौपाल' में शामिल होकर अपनी बहन-बेटियों को कम से कम 12 वीं तक पढ़ाने एवं बाल विवाह नहीं करने का संकल्प ले रहे हैं. गांवों में चौपाल लगाकर खासकर बच्चियों की पढ़ाई के दौरान आने वाली चुनौतियों को चिन्हित किया जा रहा है एवं उसके समाधान पर खुलकर चर्चा हो रही है. खासकर दलित बस्ती की बच्चियां सरकारी स्कूलों में तमाम सुविधाएं मुहैया होने के बाद भी शिक्षा से दूर क्यों हैं? इसे जानने का प्रयास किया जा रहा है. शिक्षा चौपाल के दौरान बाल विवाह एवं छीजनग्रस्त बालिकाओं के कई मामले भी सामने आ रहे हैं, जो चौंकाने वाले हैं.
इस मुहिम में बिहार महिला समाख्या सोसाइटी के फेडरेशन की कार्यकर्ता सीता देवी, रामकुमारी देवी, नीलू श्रीवास्तव, तारा सिंह, उर्मिला, राजमुनी देवी, प्रेमलता, कुसुम, लक्ष्मी देवी, रागिनी कुमारी, रामशीला देवी, मेघा कुमारी, रूबी कुमारी, इंदु देवी, रूपा कुमारी, सोनी कुमारी, सुलेखा कुमारी, माधुरी मिश्रा, अंजनी देवी, लक्की कुमारी, शबनम खातून, रिंकू कुमारी, कंचन, मेनका, अनीता देवी, साविन्दर देवी, मधु कुमारी, गीता देवी, प्रेमशीला देवी, शशिकला, प्रतिभा, देवंती देवी आदि शामिल हैं.


0 टिप्पणियाँ