ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

उड़ान : बचपन से भविष्य तक

 

पंछी बन जाऊँ मैं

✍️ लता | कपकोट, उत्तराखंड

कभी-कभी मन भी पंख माँगता है—
ऐसे पंख, जो सवालों से मुक्त हों,
सीमाओं से परे हों और
आकाश को अपना घर बना सकें।

मैं भी एक पंछी होती,
अपनी मर्जी से खेल पाती,
मुझे भी होती पूरी आज़ादी,
मैं भी कहीं भी उड़ जाती।

जो मन चाहे, वो खा पाती,
ऊँचाइयों को छूने की हिम्मत रखती,
इतना ऊँचा उड़ना चाहती
कि किसी की सोच तक न पहुँच पाती।

किताबों के पंछी जब आसमान में उड़ते हैं,
इतनी ऊँची उड़ान भरते हैं
कि फिर नीचे किसी को नहीं देखते,
अपने मन की सौ बार करते हैं,
फड़फड़ाते पंखों से
हर बार आगे बढ़ जाते हैं।


सब कुछ कर सकती हैं बेटियाँ

✍️ सुनीति | कक्षा 9, उम्र 15 | लामाबगड़, उत्तराखंड

बेटियों को देखो—
वे क्या नहीं कर रही हैं?
अपने माता-पिता के सपनों को
अपने कंधों पर ढो रही हैं।

आज बेटियाँ
इस दुनिया का भविष्य बन रही हैं,
डॉक्टर, पुलिस, इंजीनियर बनकर
नई पहचान गढ़ रही हैं।

देश की सेवा में
फौजी बनकर खड़ी हैं बेटियाँ,
ऑटो रिक्शा से लेकर
हवाई जहाज तक उड़ाती हैं बेटियाँ।

हर काम को साध रही हैं,
किसी से कम नहीं हैं बेटियाँ,
अपने हक और सम्मान के लिए
डटकर लड़ रही हैं बेटियाँ।


बनना मुझे है पुलिस

✍️ पावनी | कपकोट, उत्तराखंड

क्यों न मैं भी पुलिस बन जाऊँ,
अपने सपनों को सजा पाऊँ।
खेल के मैदान से
वर्दी की दौड़ तक,
हर रेस में आगे निकल जाऊँ।

लोगों की बातों को पीछे छोड़,
ख़ुद में विश्वास जगाऊँ,
उमंगों के साथ
आसमान को छू जाऊँ।

तोड़ दूँ सारी पाबंदियाँ,
ख़ुद की एक दुनिया बसाऊँ,
क्यों न मैं भी पुलिस बन जाऊँ—
और अपनी पहचान बनाऊँ।


वो हँसाती मेरी यादें मुझे

✍️ चांदनी | सुराग़, उत्तराखंड

हर पल वो हँसाती मेरी यादें मुझे,
अब कहीं दूर से सुनाई पड़ती हैं।
जो यादें कभी पास हुआ करती थीं,
अब धुएँ में लिपटी दिखाई पड़ती हैं।

कई पल यूँ ही गुजर जाते हैं,
कुछ पल आईना दिखा जाते हैं,
पर उसमें कोई चेहरा नहीं होता,
बस एहसास रह जाता है।

फिर वो यादें
किसी बंद तिज़ोरी में सिमट जाती हैं,
और मैं सुनती रह जाती हूँ—
वो हँसती मेरी यादें,
जो कहीं दूर से
मुझे आवाज़ देती हैं।

(डिस्क्लेमर :इस संग्रह में सम्मिलित सभी कविताएँ पूर्णतः मौलिक हैं। इनमें प्रयुक्त विचार, भाव एवं कथ्य कवियों की अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति हैं। किसी भी प्रकार की सामग्रीगत त्रुटि, तथ्यात्मक अशुद्धि अथवा कथ्य की प्रामाणिकता के लिए संबंधित कवि स्वयं उत्तरदायी होंगे। प्रकाशक अथवा संकलनकर्ता की इसमें कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।) any query contact : gaongaonkiaawaz@gmail.com  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ