Report
Phuldev Patel
मुजफ्फरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा), मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में बाल सुधार गृह, सिकंदरपुर में निरुद्ध बाल कैदियों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को गणित विषय की पढ़ाई कराई गई, जिसमें बच्चों की पढ़ाई के प्रति गहरी रुचि और सीखने की ललक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
बाल सुधार गृह में वर्तमान में लगभग 60 बच्चे निरुद्ध हैं, जिनमें से करीब 35 बच्चों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया गया। बातचीत के दौरान बच्चों ने बताया कि कोई मोबाइल चोरी, कोई मारपीट, तो कोई शराब कांड जैसे मामलों में यहां लाया गया है। अधिकांश बच्चे बेहद गरीब परिवारों से आते हैं। बच्चों की स्थिति को देखते हुए पीएलवी फूलदेव पटेल ने उनकी सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बालसा मुजफ्फरपुर को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की बात कही।
बच्चों ने बाल सुधार गृह में मिलने वाली सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यहां भोजन, आवास और देखभाल जैसी बुनियादी सुविधाएं संतोषजनक रूप से मिल रही हैं। कई बच्चों ने भावुक होकर कहा कि भले ही वे घर से दूर हैं, लेकिन यहां उन्हें घर से भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।
इस बाल सुधार गृह में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों से आए बच्चे निरुद्ध हैं। शिक्षा व्यवस्था की बात करें तो सभी बच्चों को नियमित रूप से कॉपी, कलम और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, योग, कैरम बोर्ड और मनोरंजन हेतु टीवी की भी व्यवस्था की गई है।
शिक्षक मजहर इमरान ने बताया कि बाल सुधार गृह में बच्चों को पढ़ाना उनके लिए सुखद अनुभव है। सभी बच्चों को अनुशासन में रखते हुए समय पर पढ़ाई कराई जाती है। उन्होंने कहा कि अधीक्षक सुधीर कुमार के सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायक व्यवहार से बच्चों का मनोबल काफी बढ़ता है।
वहीं पारा मेडिकल डॉक्टर शोभा कुमारी बच्चों की नियमित स्वास्थ्य देखरेख करती हैं। बच्चों रितिक कुमार और विराज कुमार ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को सदर अस्पताल से डॉक्टर भी स्वास्थ्य जांच के लिए आते हैं। शिक्षक ऋषिकेश कुमार द्वारा बच्चों को हिंदी और विज्ञान विषय की पढ़ाई कराई जाती है।
कुल मिलाकर बाल सुधार गृह, सिकंदरपुर न सिर्फ बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान कर रहा है, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और अनुशासन के माध्यम से एक बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करने का प्रयास भी कर रहा है।

0 टिप्पणियाँ