ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

बाल विवाह एक अभिशाप: छात्रों को जागरूक करने धरफरी स्कूल पहुंचे पीएलवी

Report

Phuldev Patel

मुजफ्फरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा) मुजफ्फरपुर के निर्देशानुसार “बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान” के तहत राजकीय कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धरफरी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह, नशा मुक्ति, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा आसपास गुम हो रहे लड़के-लड़कियों, महिला-पुरुषों की निगरानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

बाल विवाह एक अभिशाप: छात्रों को जागरूक करने धरफरी स्कूल पहुंचे पीएलवी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षिका श्रीमती रीना कुमारी ने कहा कि बाल विवाह करने से लड़कियों एवं लड़कों पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है तथा यह कानून की दृष्टि में अपराध की श्रेणी में आता है। वहीं शिक्षिका माधुरी कुमारी ने बताया कि कम उम्र में लड़कियों की शादी होने पर जल्दी माँ बनने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे जन्म लेने वाले बच्चे कुपोषण के शिकार हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने कानून के तहत लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित की है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री मनोज कुमार ने बच्चों को बताया कि कम उम्र में विवाह कराने पर कानून के तहत जेल और जुर्माना दोनों का प्रावधान है। शिक्षक डॉ. विकास रंजन ने कहा कि बाल विवाह के बाद दांपत्य जीवन प्रायः खुशहाल नहीं रहता तथा कम उम्र में विवाह होने वाली लड़कियाँ कई प्रकार की बीमारियों से ग्रस्त हो जाती हैं।

इस जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षक श्री अभिषेक कुमार, चंदन कुमार, विकास कुमार, सुशांत कुमार, अरुण कुमार, निशांत कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं और लगभग 90 छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही।

बाल विवाह एक अभिशाप: छात्रों को जागरूक करने धरफरी स्कूल पहुंचे पीएलवी

कार्यक्रम में उपस्थित पीएलवी फूलदेव पटेल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह एक अभिशाप बन गया है। जिस उम्र में बच्चों को पढ़ने-लिखने और खेलने-कूदने का समय होता है, उस उम्र में विवाह कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए परिवार के साथ-साथ समाज के शिक्षित लोग भी उतने ही जिम्मेदार हैं। यह समस्या विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक देखने को मिलती है।

उन्होंने उपस्थित लड़के-लड़कियों से अपील की कि वे अपने माता-पिता को जागरूक करें ताकि उन्हें कम उम्र में शादी के लिए बाध्य न होना पड़े। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आसपास से कोई लड़की, लड़का, महिला या पुरुष गायब हो जाए तो इसकी सूचना अवश्य दें तथा बच्चों को नशा सेवन से पूरी तरह दूर रहने की जरूरत है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ