ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

उत्तराखंड की बेटियों की आवाज़: सपने, हिम्मत और नई सोच की प्रेरणादायक कविताएं

उत्तराखंड की बेटियों की आवाज़: सपने, हिम्मत और नई सोच की प्रेरणादायक कविताएं

गांव की सोच

किरण | कक्षा 11th | उत्तराखंड

बढ़ रही हूं मैं आगे हर एक कदम, मगर चलते-चलते रुक सी गई थी मैं, सुनकर गांव के ताने और लोगों की बातें, उनकी बातों से मैं हो जाती हूं कभी-कभी दंग, कोई कहे मिलता क्या है इसमें? कोई पूछे फायदा क्या है इसमें? पर यह तो मैं जानूँ और मेरा दिल जाने, जब से हुई हूं मैं एक सशक्त किशोरी, शर्म को छोड़ा, खत्म हुई झिझक मेरी, मैंने बोलना सीखा, खुद को है जाना मैंने, खुद से हुई है मुलाकात मेरी और, कलम बनी है पहचान मेरी, अब हुआ है मेरी जिंदगी का एक नया आगाज


मेरा सपना

कुमारी प्रीति | कक्षा 8 | उम्र 13 | उत्तराखंड

बंद आंखों से मैंने भी देखा है यह सपना, जहां मैं आजाद उड़ने वाली एक लड़की, जुनून है जिसकी आंखों में कुछ कर गुजरने की, हसरत है दिल में देश की रक्षा कर जाऊँ, हर डरती आवाज़ की मैं ताकत बन जाऊँ, हर उस हाथ को थाम लूँ जो बेबसी से झुका है, उस सन्नाटे को तोड़ दूँ जो खौफ में जी रहा है, लड़ना पड़े, तो हर लड़की के लिए लड़ जाऊँ, ज़रूरत पड़ी तो हँसकर मर भी जाऊँ, पर एक ही ख्वाब है दिल के किसी कोने में, लड़कियों की बहादुरी का इतिहास लिख जाऊँ।।


जिंदगी ने सब सिखा दिया

वंदना | उम्र 26 | उत्तराखंड

कभी स्कूल जाने से डर लगता था, आज अकेले ही दुनिया घूम लेती हूँ, पहले फर्स्ट आने के लिए पढ़ते थे, आज पहचान बनाने के लिए पढ़ते हैं, पहले दोस्त हर दिन साथ होते थे, हँसी हर बात में शामिल होती थी, आज वही दोस्त यादों में बस जाते हैं, और मुस्कान बस तस्वीरों में मिलती है। कभी छोटी-छोटी बातों पर रो लेते थे, आज हर ग़म को चुपचाप सह लेते हैं, सच में जिंदगी ने सबकुछ सिखा दिया, जाने कब हमें इतना बड़ा बना दिया।


सपनों को हकीकत बनाती मेरी कलम

मेघा | उम्र 18 | उत्तराखंड

अपने सपनों को आज शब्दों में ढाल दूँ, अपनी कलम से हर ख्वाब को सजा लूँ, जो अरमान छुपे हैं दिल की गहराइयों में, उन्हें कागज़ पर खुलकर बिखेर दूँ, दूर कहीं निकल जाऊँ खुले आसमान में, जहाँ मेरे पंख किसी डर से बंधे न हों, इस कदर फैलाऊँ अपनी उड़ान को, कि हर सीमा भी छोटी लगे तूफान में, आजादी को सिर्फ महसूस ही नहीं, नया इतिहास लिखते देखना चाहती हूँ, जो बंद आँखों में देखा है मैंने सपना, उसे हकीकत में बदलना चाहती हूँ, अगर एक लड़की के मन में हिम्मत हो, हौसला और पूरे मन से जब जज़्बा हो, तो कदम भी साथ मिलकर चलते हैं और, एक दिन मंजिल तक पहुँच ही जाते हैं।।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ