Report
Phuldev Patel
मोतीपुर, मुजफ्फरपुर। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), मुजफ्फरपुर के सौजन्य से मोतीपुर प्रखंड कृषि कार्यालय सभागार में शारदीय (खरीफ) कृषक गोष्ठी 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (आत्मा), मोतीपुर विक्की कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र, सरैया के वैज्ञानिक डॉ. रजनीश कुमार ने किसानों को खरीफ फसलों, विशेषकर धान, मक्का और अरहर में लगने वाले प्रमुख कीट एवं व्याधियों तथा उनके प्रभावी प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से फसल में समय रहते कीट एवं रोगों की पहचान कर उचित प्रबंधन अपनाने की अपील की।
वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र, सरैया के वैज्ञानिक डॉ. तरुण कुमार ने किसानों को धान की सीधी बुआई, कृषि यांत्रिकीकरण और प्राकृतिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती की लागत कम करने तथा उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (आत्मा) विक्की कुमार ने कृषि विभाग, आत्मा एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
गोष्ठी में प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य हरेंद्र कुमार रौशन, निभा कुमारी एवं शशि कुमार गुप्ता, सहायक तकनीकी प्रबंधक मो. एहतेशामुल हक, लेखापाल चंदन प्रताप, कार्यालय सहायक पप्पु कुमार, कृषि समन्वयक विकाश कुमार, राकेश कुमार एवं सोमेश्वर प्रसाद सिंह, किसान सलाहकार सुभाष कुमार, नीरज कुमार सिंह, प्रकाश कुमार, जितेंद्र ठाकुर, अभिमन्यु कुमार, अरविंद सिंह, प्रणव कुमार एवं प्रशांत कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कृषि से जुड़ी समस्याओं और फसल प्रबंधन को लेकर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम में बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना रहा।

0 टिप्पणियाँ