जिले के दर्जनों गांवों में महिला कार्यकर्ता बाल विवाह नहीं करने को ले कर रहीं जागरूक
मुजफ्फरपुर। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने एवं बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न गांवों में 'शिक्षा चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षाग्रह अभियान के तहत बेंगलुरु की संस्था मंत्रा4चेंज के सहयोग से ज्योति महिला समाख्या मुजफ्फरपुर एवं वैशाली जिले के क्रमशः 85 व 11 महिला कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर अभिवंचित समुदाय के लड़के-लड़कियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित कर रही हैं।
ज्योति महिला समाख्या की सचिव सीता देवी ने बताया कि शिक्षा चौपाल के दौरान बालिकाओं की पढ़ाई की राह में आने वाली समस्याओं पर चर्चा करते हुए उसका स्थानीय स्तर पर समाधान ढ़ूढ़ा जाता है। खासकर ड्रापआउट एवं अनामांकित लड़कियों को स्कूल से जोड़ने पर जोड़ दिया जाता है।
साथ ही, बाल विवाह नहीं करने की शपथ भी दिलाई जाती है। यह चौपाल पिछले दो साल से हर तीन महीने में लगाई जाती है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं स्कूल के शिक्षक भी शामिल होते हैं। दस दिवसीय यह अभियान 6 जुलाई से शुरू हुआ है, जिसका एक-दो में समापन होगा।इस अभियान में रागिनी कुमारी, कविता कुमारी, मृदुला कुमारी, अनीमा कुमारी आदि लगी हुई हैं।


0 टिप्पणियाँ