Report
Phuldev Patel
मुजफ्फरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के आदेशानुसार 22 अगस्त 2026 को शहर के मुखर्जी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरिसभा चौक में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 80 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएलवी फूलदेव पटेल ने कहा कि सशक्त भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश के प्रत्येक युवक-युवती को शिक्षा के साथ समय का महत्व, जिम्मेदारी और स्वच्छ आचरण का ज्ञान हो। उन्होंने युवाओं से अपनी ज्ञानवर्धक क्षमता बढ़ाने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिविल सेवा, प्रशासनिक सेवा और न्यायिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।पैनल अधिवक्ता पवन कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आचरण, समय के सदुपयोग, साहस, प्रगतिशील सोच, धैर्य और सहनशीलता जैसे गुण युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कम उम्र में प्रेम प्रसंग और अन्य सामाजिक कुरीतियों के कारण युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव से भी आगाह किया।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के इतिहास और इसके उद्देश्य पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का आधार बनाने की अपील की।
इसी क्रम में चैपमैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हाथी चौक, गौशाला रोड, मुजफ्फरपुर में भी अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 75 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापक डॉ. रेखा शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और राजनीतिक, सिविल सेवा, न्यायिक सेवा, रेलवे, सेना, शिक्षण और पुलिस सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता ‘सशक्त युवती, सशक्त भारत’ की तस्वीर प्रस्तुत करती है।
कार्यक्रम में शिक्षिका श्वेता प्रियपदा, पूनम ठाकुर, दर्शना कुमारी, एलएसी अल्का अर्पणा, बदना कुमारी सहित शिक्षक दीपक कुमार वर्मा, समरेश कुमार, मृत्युंजय कुमार, विजय कुमार, संजय कुमार, अमर कुमार, राजेश कुमार, समरेश दीपू समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।


0 टिप्पणियाँ