ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बच्चों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

Report 
Phuldev Patel
मुजफ्फरपुर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के निर्देशानुसार 8 अगस्त 2026 को मुखर्जी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरिसभा चौक, मुजफ्फरपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर निबंध लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें कुल 50 बच्चों ने भाग लिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बच्चों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम में पीएलवी फूलदेव पटेल ने बच्चों को सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क पार करने से पहले दोनों ओर देखकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई वाहन न आ रहा हो। ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना और लाल बत्ती पर निर्धारित स्थान पर रुकना बेहद जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

फूलदेव पटेल ने बच्चों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने की सलाह देते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

विद्यालय के शिक्षक श्री रणधीर कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर किसी भी वाहन को हमेशा धीमी और नियंत्रित गति से चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सड़क पर जल्दबाजी और लापरवाही से बचना ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।

कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता श्री संजय कुमार ने भी सड़क दुर्घटनाओं और सड़क सुरक्षा कानूनों पर बच्चों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कानून के तहत कार्रवाई और चालान का प्रावधान है। बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने तथा सीट बेल्ट नहीं लगाने जैसे मामलों में चालान किया जाता है।

उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल चालान से बचने का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा हुआ मुद्दा है।

कार्यक्रम में छात्र शनि कुमार, शुभांशु कुमार, बबलू कुमार, साहवाज अहमद, जावेद, फैयाज, आदित्य कुमार, आदर्श कुमार, कुश कुमार, राज कपूर, पीयूष कुमार, आयुष कुमार और प्रिंस कुमार सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ