बाढ़ से साहेबगंज-पारु में 17 हजार से अधिक परिवार प्रभावित, दो बच्चों की मौत

Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बाढ़ से साहेबगंज-पारु में 17 हजार से अधिक परिवार प्रभावित, दो बच्चों की मौत

Report 
Phuldev Patel
(PLV)

मुजफ्फरपुर। साहेबगंज और पारु प्रखंड में आई प्रलयंकारी बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। 26 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक रही बाढ़ के कारण लोगों को जान-माल के नुकसान के साथ-साथ चल एवं अचल संपत्ति का भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई पंचायतों में घरों के आसपास और आवागमन के रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।

बाढ़ से साहेबगंज-पारु में 17 हजार से अधिक परिवार प्रभावित, दो बच्चों की मौत

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पारु प्रखंड की करीब सात पंचायतों के 41 वार्डों में लगभग 47,100 की आबादी और 6,977 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वहीं, चिंतावनपुर में गहरे पानी में डूबने से 8 और 11 वर्ष के दो बच्चों की मौत हो गई। बाढ़ से प्रभावित पंचायतों में जयमल डूमरी, चक्की सुहागपुर, फतेहाबाद, चिंतावनपुर, उस्ती, धरफरी और चांद केवारी शामिल हैं। वहीं साहेबगंज प्रखंड की सात पंचायतों के करीब 40 वार्डों में लगभग 74,300 की आबादी और 10,850 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित पंचायतों में हुस्सेपुर रति, हुस्सेपुर, रूप छपरा, पहाड़पुर मनोरथ, बंगरा निजामत, वासुदेवपुर सराय और माधोपुर हजारी शामिल हैं।

मुखिया और अंचल कार्यालय से जुटाए गए आंकड़े

बाढ़ प्रभावित परिवारों से जुड़े ये आंकड़े संबंधित पंचायतों के मुखिया और अंचल कार्यालय की ओर से नियुक्त नोडल पदाधिकारियों से जुटाए गए हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार ये आंकड़े अनुमानित हैं और बाढ़ की स्थिति तथा प्रभावित परिवारों की संख्या में आगे बदलाव संभव है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के सचिव के आदेशानुसार बाढ़ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पीएलवी फूलदेव पटेल और उत्पल कुमार ने विभिन्न पंचायतों और वार्डों से प्रभावित परिवारों की जानकारी जुटाई।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक कर्मियों ने की मदद

बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता में पंचायत प्रतिनिधियों और अंचल कर्मियों की भी भूमिका रही। साहेबगंज प्रखंड में मुखिया बैजनाथ राय, निर्मला देवी, नीतू कुमारी, मेनका कुमारी, चिंता देवी, प्रमोद कुमार और शारदा देवी सहित संबंधित अंचल कर्मियों ने प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में सहयोग किया। इनके साथ संजीव कुमार पीओ समेत अन्य कर्मी भी राहत कार्य में जुड़े रहे।

पारु प्रखंड में फतेहाबाद के मुखिया मनोज कुमार पंडित, अंचल कर्मी रामप्रीत साह, मुखिया चांदनी देवी व अंचल कर्मी सुशील कुमार, मुखिया नईमा खातून व अंचल कर्मी सचिन कुमार, मुखिया बिनोद कुमार सिंह व अंचल कर्मी राजीव कुमार, मुखिया रीना कुमारी व अंचल कर्मी टोनी कुमार तथा मुखिया चंदन कुमार सहनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और कर्मियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद की।

ग्रामीणों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ

राहत और सहायता कार्य में पूर्व सरपंच राज कुमार दास, सिपाही कुशवाहा, पूर्व मुखिया बिनोद साह, प्रभु पासवान, राजेश कुमार, छोटे भाई, पैक्स अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, एडीएम संजय कुमार, निगरानी विभाग से जुड़े अधिकारी, पैक्स अध्यक्ष बिट्टू यादव, अपर थाना अध्यक्ष अशोक राम, एसआई गोवर्धन प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सहयोग किया।

भोजन वितरण में अव्यवस्था की शिकायत

बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री और भोजन वितरण को लेकर कुछ स्थानों से शिकायतें भी सामने आई हैं। साहेबगंज प्रखंड की माधोपुर हजारी पंचायत के वार्ड संख्या 2 और 4 में पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि वेंडर की ओर से उन्हें समय पर और पर्याप्त भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। इसी तरह पारु प्रखंड की उस्ती पंचायत में भी महिलाओं और पुरुषों ने समय पर और उचित भोजन नहीं मिलने की शिकायत की। इन शिकायतों की जानकारी आपदा प्रबंधन विभाग को दे दी गई है।

बाढ़ का पानी कम होने के बाद भी प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, आवागमन, घरों की क्षति और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई चुनौतियां बनी हुई हैं। ऐसे में प्रभावित पंचायतों में राहत एवं पुनर्वास कार्य को प्रभावी ढंग से जारी रखना जरूरी है।

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Ad Code