सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 350 विद्यार्थियों को किया जागरूक

Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 350 विद्यार्थियों को किया जागरूक

रिपोर्ट : फूलदेव पटेल

मुजफ्फरपुर। मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत भगवत उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिरहिमा बाजार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के आदेशानुसार सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को सुरक्षित बचपन, बाल अधिकार, शिक्षा के अधिकार तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 350 विद्यार्थियों को किया जागरूक

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार के साथ शिक्षक अभिनंदन कुमार सुमन, कुणाल प्रियदर्शी, दिलशाद आलम, धीरज कुमार, अणु कुमारी, अंजली यादव एवं सुमन कुमार ठाकुर मौजूद रहे। वहीं पैनल अधिवक्ता कमलेश्वर कुमार, सीपीओ अशान आलम एवं पीएलवी नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्य और कानूनों की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत और संघर्ष पर ध्यान देना चाहिए। वर्तमान समय में बच्चों की सोच, समझ और निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करना जरूरी है। बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी होने से वे शोषण और अपराध के प्रति अधिक सजग हो सकते हैं।

कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान किया गया है। बच्चों के साथ लैंगिक उत्पीड़न, यौन शोषण या उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने जैसी घटनाओं के विरुद्ध कानून में कड़े प्रावधान हैं। साथ ही बच्चों के शिक्षा के अधिकार और उन्हें शिक्षा से वंचित किए जाने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि पॉक्सो कानून में समय-समय पर संशोधन भी किए गए हैं और अपराध की प्रकृति के आधार पर अलग-अलग सजा का प्रावधान है। गंभीर यौन अपराधों के मामलों में कानून के तहत कठोर दंड का प्रावधान किया गया है। वक्ताओं ने बच्चों से अपील की कि किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और इसकी जानकारी अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को दें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित, शिक्षित और जागरूक बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों की उपयोगिता पर भी जोर दिया।


Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Ad Code