- देश के विभिन्न राज्यों की नाट्य टीमें देंगी प्रस्तुति
- रोज चित्र व मुखौटा प्रदर्शनी
- कार्यशाला और रंग संवाद का होगा आयोजन
महोत्सव में पद्मश्री निर्मला देवी, पद्मश्री डॉ. अनिल रेस्तोगी, डॉ. ओम प्रकाश भारती, अभिषेक मुद्गल, प्रो. उत्तमा दीक्षित, प्रदीप कुमार महंती, श्याम सहनी और शुभादीप राहा सहित कई चर्चित कलाकार शामिल होंगे।
मुजफ्फरपुर। शहर के जिला स्कूल मैदान में 27 से 31 मार्च तक पांच दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का आयोजन आकृति रंग संस्थान की ओर से किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली नाट्य टीमों द्वारा नाटकों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन चित्र प्रदर्शनी, मुखौटा प्रदर्शनी, कार्यशाला और रंग संवाद जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के सीनेटर डॉ. संजय कुमार सुमन ने रविवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य रंगमंच की समृद्ध परंपरा को बढ़ावा देना और स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर प्रदान करना है।
आकृति रंग संस्थान के संयोजक डॉ. सुनील फेकानिया ने बताया कि महोत्सव में देश के कई प्रतिष्ठित कलाकार और सांस्कृतिक हस्तियां शामिल होंगी। इनमें सुजनी कला की प्रसिद्ध कलाकार पद्मश्री निर्मला देवी, लखनऊ के वरिष्ठ अभिनेता पद्मश्री डॉ. अनिल रेस्तोगी, मुंबई से ईस्ट जोन कल्चर सेंटर के पूर्व निदेशक डॉ. ओम प्रकाश भारती, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के चर्चित कलाकार अभिषेक मुद्गल, बीएचयू के विजुअल आर्ट विभाग की डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित अपनी टीम के साथ, एनएसडी के रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार महंती, एनएसडी पासआउट एवं बेगूसराय के कला-संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी तथा कलाकार शुभादीप राहा शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रंग संवाद और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रंगमंच से जुड़े कलाकार और विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके साथ ही आयोजन समिति की ओर से एक स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी, जिसका संपादन बिहार विश्वविद्यालय के पीजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुशांत कुमार करेंगे।
महोत्सव के तहत पांच दिनों तक अलग-अलग नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। पहले दिन शहर के आकृति रंग संस्थान द्वारा ‘नटबख्खो’ नाटक का मंचन किया जाएगा। दूसरे दिन जयपुर की रंगमस्ताने टीम ‘महारथी’ नाटक प्रस्तुत करेगी। तीसरे दिन मुजफ्फरपुर की किलकारी टीम ‘तेतू’ और जयपुर की टीम ‘आसमान जोगिया’ का मंचन करेगी। चौथे दिन लखनऊ की टीम ‘आखिरी वसंत’ नाटक का मंचन करेगी, जबकि पांचवें और अंतिम दिन आकृति रंग संस्थान की ओर से ‘सिविल लाइंस’ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रेसवार्ता को चित्रकार सुजीत कुमार और मनोज कुमार वर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर रंग निर्देशक स्वाधीन दास, कामेश्वर प्रसाद, वीरेन नंदा, बैजू कुमार, रमेश रत्नाकर, प्रमोद आजाद, सुमन वृक्ष, डॉ. संतोष सारंग, विनय कुमार, अशोक अंदाज, निशा साहू, प्रमोद कुमार सहनी, राजेश कुमार, इब्रान, अमीर हम्ज़ा, रौशन कुमार, सौरभ कौशिक, श्रीनिवास चौधरी, सुभाष कुमार, संचय कुमार, शीतल रानी, प्रतिभा रानी, राजू सहनी, ऋचा, जीत बर्मन, ऋतिक बर्मन, विवेक, मुकेश कुमार, कृति भक्ता, मीनाक्षी, मिहिर मनीष भारती, उदय कुमार, आदित्य वर्मा, ऋषिका पोद्दार और राजू कुमार सहित कई कलाकार और सांस्कृतिक कर्मी मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ