उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों पर जागरूकता

Hot Posts

6/recent/ticker-posts

उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों पर जागरूकता

रिपोर्ट: फूलदेव पटेल

पारु। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में पारु प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर सेमरा पंचायत भवन में सितारा योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकार, सम्मान और पुनर्वास से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों पर जागरूकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता श्री नीरज कुमार सिंह ने कहा कि यदि समाज या पंचायत में किसी उभयलिंगी व्यक्ति का जन्म होता है, तो उसके साथ किसी भी प्रकार की घृणा, उपेक्षा या भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे व्यक्ति की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर को दी जा सकती है, ताकि उसे सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं अधिकारों से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि पुनर्वास योजना-2023 के तहत उभयलिंगी व्यक्तियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सम्मान और आवास सहित विभिन्न अधिकार एवं सुविधाएं प्राप्त हैं।

वहीं, पूर्व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी श्री शम्भू प्रसाद ने कहा कि उभयलिंगी होना किसी व्यक्ति का अपराध नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को सम्मान और सहयोग देना समाज के लिए गौरव की बात है, जबकि उनके प्रति नफरत और भेदभाव करना सामाजिक रूप से गलत है।

उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों पर जागरूकता

कार्यक्रम में सरपंच श्री राज कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस विषय में पहले इतनी जानकारी नहीं थी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिवक्ता एवं पीएलवी फूलदेव पटेल द्वारा दी गई जानकारी से उन्हें काफी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत क्षेत्र में यदि किसी उभयलिंगी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होगी, तो वे उसकी मदद के लिए आगे आएंगे।

पीएलवी फूलदेव पटेल ने सामाजिक भेदभाव पर चर्चा करते हुए कहा कि जिस तरह माता-पिता अपने बेटे-बेटियों को शिक्षा दिलाकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देते हैं, उसी तरह उभयलिंगी बच्चे को भी परिवार का हिस्सा मानकर शिक्षा और उचित परवरिश मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे का उभयलिंगी होना उसके भविष्य या समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार को समाप्त नहीं करता। आवश्यकता है कि परिवार और समाज उसे समान अवसर दें।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए शिक्षा, रोजगार और पुनर्वास से संबंधित विभिन्न योजनाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। समाज की जिम्मेदारी है कि ऐसे व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करे और उनके साथ भेदभाव न करे।

कार्यक्रम के अंत में भगवानपुर सेमरा पंचायत के मुखिया श्री लखिन्दर पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी परिवार में उभयलिंगी व्यक्ति का जन्म होता है, तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार को दी जाएगी, ताकि उसे आवश्यक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में मुन्नी रानी, दिलीप कुमार, बबिता देवी, महेश राम, सुरेश पासवान, महेश राय, महेंद्र राय, दलू राय, सिकंदर कुमार, चंदा कुमारी, मैमुला खातून, सुनैना देवी, दुलारी देवी, मंजु देवी, रागनी देवी, लालबाबू राय, इंदु देवी, नागेंद्र यादव, मुन्ना कुमार सहित कुल 61 लोग उपस्थित रहे।


Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Ad Code