Report
Phuldev Patel (PLV)
मुजफ्फरपुर। साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत बैधनाथपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहेबगंज एवं राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर में मंगलवार को ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, बच्चों की सुरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कानून विशेष संरक्षण प्रदान करता है। बच्चों को लैंगिक अपराध, लैंगिक उत्पीड़न एवं किसी भी प्रकार के शोषण से बचाने के लिए पॉक्सो अधिनियम लागू है। साथ ही, पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ‘मेरा शरीर मेरा है’ की अवधारणा समझाई गई। छोटे बच्चों को बताया गया कि उन्हें यह समझना जरूरी है कि कौन उन्हें छू सकता है और कौन नहीं। किसी भी तरह के असहज स्पर्श या व्यवहार की स्थिति में वे अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तुरंत इसकी जानकारी दें।
कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को विशेष रूप से बाल विवाह और कानून के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति कानून की नजर में बच्चा है। कम उम्र में विवाह करने या कराने से बच्चों के अधिकार प्रभावित होते हैं और संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे कम उम्र में विवाह अथवा ऐसे किसी भी निर्णय से बचें, जो उनके शिक्षा और भविष्य को प्रभावित कर सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को अपनी शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता देने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यह संदेश दिया गया कि किशोरावस्था में शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देकर वे अपने जीवन के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर साहेबगंज थाना की एसआई शाल्या कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने कैरियर से जुड़ा अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि वह भी एक सामान्य परिवार से आने वाली बेटी हैं और उन्होंने अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए पढ़ाई तथा कैरियर पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने छात्राओं और छात्रों से कहा कि जीवन में आने वाले आकर्षणों के बजाय शिक्षा, लक्ष्य और कैरियर को प्राथमिकता दें। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बैधनाथपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार, प्रकाश रंजन, ब्रजेश कुमार सिंह, अरुण सिंह, साधना मोनी, सुनीता कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। इसके अलावा पीएलवी शमशाद मियां एवं फोटोग्राफर आदित्य कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।


0 टिप्पणियाँ