Report
Phuldev Patel
साहेबगंज, 22 अक्टूबर 2026। दि मुज़फ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ओर से गुरुवार को साहेबगंज प्रखंड के विभिन्न गांवों में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विशुनपुरपट्टी, जगदीशपुर, नीरपुर, गौड़ा, रुपछपड़ा एवं दुर्गा चौक में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, बचत, बीमा एवं सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि पैक्स कार्यालयों के माध्यम से माइक्रो एटीएम एवं बैंकिंग सेवाओं की सुविधा अब गांव के नजदीक उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीणों को नकद निकासी, खाते में उपलब्ध शेष राशि की जानकारी तथा मिनी स्टेटमेंट जैसी बैंकिंग सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।
वित्तीय जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए श्री राजश्री इंटरप्राइजेज, फुलवारीशरीफ, पटना के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। कलाकार संजय कुमार यादव, सुनील कुमार, महावीर साह, कृष्णा भगत एवं कुमकुम भारती ने अभिनय और गीतों के माध्यम से लोगों को सतर्क एवं सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि जागरूक ग्राहक ही सुरक्षित ग्राहक है और जागरूक ग्रामीण ही समृद्ध भारत की नींव हैं। किसानों एवं ग्रामीणों को नियमित बचत करने, बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने तथा सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रबंध निदेशक संतोष कुमार ने कहा कि सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को बचत की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाले जोखिमों से सुरक्षा के लिए बीमा बेहद आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों को अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अटल पेंशन योजना के तहत पात्र लोगों को 60 वर्ष की आयु के बाद नियमित पेंशन का लाभ मिल सकता है। वहीं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 से 70 वर्ष की आयु के लोगों को नाममात्र के वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना से मृत्यु या पूर्ण विकलांगता की स्थिति में बीमा सुरक्षा मिलती है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की आयु के पात्र लोगों को वार्षिक प्रीमियम के माध्यम से जीवन बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने की भी सलाह दी गई। बैंक अधिकारियों ने कहा कि अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी हमेशा गोपनीय रखें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, यूपीआई या अन्य वित्तीय जानकारी साझा न करें। लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी SMS एवं WhatsApp संदेशों से सावधान रहने तथा OTP, UPI PIN, ATM PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की विशेष सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़ा सहारा बनती है। बैंकिंग सेवाओं की जानकारी, नियमित बचत, बीमा सुरक्षा और डिजिटल वित्तीय सावधानी को अपनाकर ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित और सशक्त बन सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ