Report
Phuldev Patel
(PLV)
मुजफ्फरपुर। पारू प्रखंड अंतर्गत जयमल डूमरी पंचायत के कुंवर टोला में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), मुजफ्फरपुर की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया। राहत वितरण कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता कुमारी सिंह और सचिव श्री तेज कुमार प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस दौरान बाढ़ पीड़ित महिलाओं के बीच साड़ी तथा परिवारों को खाद्य सामग्री के रूप में चावल, दाल, आलू, ब्रेड और बिस्कुट वितरित किए गए। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को तिरपाल और मच्छरदानी भी उपलब्ध कराई गई।
राहत वितरण के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने फूस के घरों में रहने वाले प्रभावित परिवारों के लिए पक्के मकान की व्यवस्था, जल निकासी की समस्या का समाधान, क्षतिग्रस्त बांध की मजबूती से मरम्मत, पेयजल के लिए चापाकल तथा प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल टीम की व्यवस्था कराने की मांग की।
बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को सुनने के बाद जिला जज ने संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने पारू के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजीत कुमार सिंह को प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, जयमल डूमरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नेयाजुद्दीन उर्फ छोटे मुखिया को प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर बीडीओ को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जा सके।
कार्यक्रम में जयमल डूमरी के मुखिया प्रतिनिधि नेयाजुद्दीन उर्फ छोटे मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पारू बीडीओ अजीत कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अमित कुमार, परवेज आलम, संजीव कुमार, अजीत कुमार, पीएलवी रामबाबू ठाकुर, मुन्ना आलम, दीपक कुमार, ब्रजकिशोर, रोहित सावन, उत्पल कुमार, अवधेश कुमार, संजीव कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में बाढ़ प्रभावित परिवारों से धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की गई। लोगों से आपदा की स्थिति में शांतिपूर्ण रहने तथा एक-दूसरे का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

0 टिप्पणियाँ