Report
Phuldev Patel
मुजफ्फरपुर। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) मुजफ्फरपुर के सौजन्य से मोतीपुर प्रखंड मुख्यालय में खरीफ महाअभियान 2026 के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रतीक कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, सरैया के वैज्ञानिक डॉ. रजनीश कुमार ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड आधारित खेती, मक्का एवं अरहर की वैज्ञानिक खेती तथा प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, सरैया के वैज्ञानिक डॉ. तरुण कुमार ने धान की सीधी बुआई और कृषि यंत्रीकरण से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी किसानों को दी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रतीक कुमार ने किसानों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (आत्मा) विक्की कुमार ने आत्मा की गतिविधियों एवं बिहार कृषि ऐप के उपयोग के बारे में बताया। वहीं प्रखंड उद्यान पदाधिकारी अशना कुमारी ने उद्यान विभाग की योजनाओं से किसानों को अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला परिषद क्षेत्र संख्या-8 के सदस्य आलोक कुमार उपाध्याय, पंचायत समिति सदस्य महिमा गोपीनाथपुर विजय कुमार महतो, प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष हरेंद्र कुमार रौशन, सहायक तकनीकी प्रबंधक मो. इम्तेहाज हक, लेखापाल चंदन प्रताप, कार्यालय सहायक पप्पू कुमार, कृषि समन्वयक विकास कुमार गुप्ता, अमित शाही, संजीव शंकर, संजीव कुमार तथा किसान सलाहकार सुभाष कुमार, उमाशंकर, प्रकाश कुमार, अभिमन्यु कुमार और जितेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

0 टिप्पणियाँ