Report 

Phuldev Patel

मुजफ्फरपुर। आगामी वर्ष 2026 की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक सुलहनीय वाद-विवादों के निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के एडीआर भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष के निर्देशानुसार आयोजित हुई।

मुजफ्फरपुर के एडीआर भवन में राष्ट्रीय लोक अदालत 2026 की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद न्यायिक पदाधिकारी।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि अधिकाधिक मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित एवं निःशुल्क निष्पादन किया जाए। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक मामलों, भूमि विवाद, बिजली संबंधी मामले, बैंक संबंधी विवाद, घरेलू विवाद सहित अन्य सुलहनीय मामलों का निःशुल्क निपटारा किया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री सचिन कुमार मिश्रा, अपर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम (पूर्वी) श्री पंकज कुमार तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री तेज कुमार प्रसाद, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अष्टम श्री राधेश्याम तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम (पश्चिमी) श्री नरेश महतो सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ सह संयोजक, जिला मध्यस्थता केंद्र श्री अरुण कुमार सिन्हा ने स्थायी लोक अदालत के सुचारू संचालन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पदाधिकारी श्री परवेज आलम, श्री अमित कुमार, श्री संजीव कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत को अधिक प्रभावी बनाने तथा आम लोगों को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।

Also Read :  नाम बदला, उम्मीदें नहीं बदलीं