सामान्य की तुलना में एचआईवी संक्रमितों में कोविड की संभावना 30 % अधिक
कोविड टीकाकरण सुरक्षित, कोविड अनुरूप व्यवहार का जरूर करें पालन
A. Rahman
गया, 3 सितंबर| कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिलाभर में कोविड टीकाकरण अभियान चलाया गया है|. अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 साल की उम्र से अधिक सभी लोगों जिनमें बुजुर्ग, युवा, गर्भवती महिलाएं शामिल हैं, आदि को टीकाकृत किया गया है| साथ ही डायबिटीज व उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का भी टीकाकरण किया गया है|
वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने गंभीर बीमारियों में शामिल एचआईवी संक्रमण से ग्रसित लोगों को भी आवश्यक रूप से टीकाकरण कराने के लिए कहा है| विशेषकर ऐसे लोगों को टीकाकरण जरूर किया जाना चाहिए जो एंटीरिट्रोवायरल्स दवाइयां नहीं ले रहे हैं| संगठन ने प्राथमिकता के आधार पर ऐसे लोगों को चिह्नित कर टीकाकरण की सलाह दी है|
एचआईवी संक्रमित करायें कोविड टीकाकरण:
डब्ल्यूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन) ने कहा है एचआईवी संक्रमितों को कोविड का टीका जरूर लेना चाहिए| कोविड टीकाकरण पर हुए अध्यनन में एचआईवी संक्रमितों को भी शामिल किया गया और इस बात की पुष्टि की गयी कि कोविड टीकाकरण उनके लिए सुरक्षित है|
संगठन के मुताबिक एचआईवी संक्रमितों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत अधिक कमजोर होती है.और ऐसे में दूसरी गंभीर बीमारियों के हमले होने की आशंका बढ़ जाती है| ऐसे लोगों को संक्रमण से होने वाले रोगों का जोखिम अधिक होता है| ऐसे लोगों के उम्र, स्वास्थ्य, पेशा व अन्य कारकों को ध्यान में रख उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कोविड टीकाकरण कराने की सलाह दी गयी है|
कोविड संक्रमण की गंभीरता 30 फीसदी अधिक:
क्लीनिकल सर्विलांस डाटा से प्राप्त जानकारी के अनुसार एचआईवी से पीड़ित वे लोग जिन्हें कोविड संक्रमण हुआ उनमें से एक तिहाई की मृत्यु हो गयी| एचआईवी संक्रमितों में कोविड संक्रमण की गंभीरता उन लोगों की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक देखी गयी जो एचआईवी संक्रमित नहीं थे|
डायबिटीज और उच्च रक्तचाप एचआईवी संक्रमितों में सामान्य है| ये सभी कोविड संक्रमण को और अधिक गंभीर बनाते हैं| इसलिए डब्ल्यूएचओ ने एचआईवी संक्रमितों को प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किये जाने की सलाह दी है| इनमें ऐसे संक्रमित जो दूसरी गंभीर बीमारियों जैसे डायबिटीज, सांस व फेफड़ों की गंभीर समस्या जैसे ट्यूबरक्लोसिस, मोटापा, उच्च रक्तचाप, किडनी व लीवर की बीमारियों, पार्रिकिंसंस, तंत्रिका तंत्र संबंधित रोग आदि से ग्रसित हैं उन्हें और भी अधिक प्राथमिकता के साथ टीकाकरण कराने की सलाह दी गयी है|
कोविड अनुरूप व्यवहार का जरूर करें पालन:
एचआईवी संक्रमित लोग कोविड अनुरूप व्यवहार का पालन आवश्यक रूप से करें| कोविड अनुरूप व्यवहार में मास्क का नियमित इस्तेमाल, हाथों की समय समय पर साबुन पानी से धुलाई या सैनिटाइजर का इस्तेमाल, गंदे हाथों से चेहरा व नाक आंख को नहीं छूना, भीड़ वाले स्थानों पर नहीं जाना और शारीरिक दूरी जैसे नियमों का पालन अवश्य करें|

0 टिप्पणियाँ