Report
Phuldev Patel
मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के तत्वावधान में शनिवार को मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की अध्यक्ष सुश्री श्वेता कुमारी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरपुर के सचिव श्री तेज कुमार प्रसाद सहित न्यायिक पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विशेष लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के 223 सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति से सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।
लोक अदालत के माध्यम से कुल ₹5,14,05,498 (पांच करोड़ चौदह लाख पांच हजार चार सौ अट्ठानवे रुपये) की वसूली हुई। इस दौरान पक्षकारों ने आपसी समझौते के आधार पर अपने विवादों का समाधान किया। लोक अदालत की विशेषता रही कि यहां न किसी की हार हुई और न किसी की जीत, बल्कि सभी पक्षकारों ने आपसी सहमति से विवादों का निपटारा कर संतोष और खुशी के साथ न्यायालय परिसर से विदा ली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरपुर के पदाधिकारियों, कर्मचारियों तथा पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLVs) का सहयोग सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरपुर के सचिव श्री तेज कुमार प्रसाद ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, पीएलवी एवं उपस्थित पक्षकारों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष लोक अदालत की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद दिया।

0 टिप्पणियाँ