ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

पर्यावरण संरक्षण पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने दिए प्रकृति बचाने के संदेश

Report 

Phuldev Patel

मुजफ्फरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मुखर्जी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरिसभा चौक में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 42 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छ हवा और प्रकृति के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

मुखर्जी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मुजफ्फरपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित पर्यावरण संरक्षण पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने पेड़-पौधों से मिलने वाली ऑक्सीजन, स्वच्छ पर्यावरण की आवश्यकता तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक रंधीर कुमार ने विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता पवन कुमार ने कहा कि सुरक्षित और स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सरकारी भूमि, बांध, पोखरों, तालाबों और सड़क किनारे खाली पड़ी जगहों पर पौधों के बीज फैलाने की अपील करते हुए कहा कि वर्षा के दौरान ये बीज अंकुरित होकर हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में पीएलवी फूलदेव पटेल ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार पृथ्वी सूर्य की परिक्रमा करती है, उसी प्रकार मानव जीवन का संतुलन भी प्रकृति पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी, लू और बदलता मौसम पर्यावरण असंतुलन के संकेत हैं। इन चुनौतियों से बचने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस अवसर पर आर्यन राज, अस्मित कुमार, बिराज कुमार, कुंदन कुमार, कुलदीप कुमार, अंकुश कुमार, प्रिंस कुमार, आदित्य कुमार, अंकित राज, नाहिद, विनोद कुमार, राकेश कुमार, त्रिपुरारि कुमार, अंशु पंडित सहित अनेक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षक बाल मुकुंद, शिक्षिका पुष्पा कुमारी, सुविधा आर्या, तन्नू कुमारी, रितिका कुमारी, साक्षी कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ